- 29 Posts
- 27 Comments
परिणामों में केवल राजभाषा के विभिन्न पुरस्कार ही नहीं सम्मिलित हैं बल्कि इसमें सम्प्रेषण भी सम्मिलित है। संपर्क, संवाद और संयोजन की एक सशक्त कड़ी सम्प्रेषण है और यदि सम्प्रेषण बाधित हो जाये तो क्या किया जा सकता है ? कुछ नहीं किया जा सकता क्योंकि जो संप्रेषित हो चुका है वह अपने श्रोता की भाषिक समझ के अनुसार अपना प्रभाव डाल चुका होता है। इसी भाव को यदि दूसरे शब्दों में अभिव्यक्त किया जाये तो उपमाओं और अलंकारों में अपनी बात कहनेवाला राजभाषा अधिकारी क और ख क्षेत्र में एक रोचक वक्ता के रूप में लोकप्रिय हो सकता है किन्तु ग क्षेत्र में ऐसे वक्ता को समझने के लिए कर्मचारियों को अधिक अतिरिक्त प्रयास करना पड़ता है। इतना ही नहीं बल्कि हिन्दी में सम्प्रेषण का कहीं-कहीं अर्थ का अनर्थ भी निकल जाता है। अर्थ का अनर्थ निकलना एक स्वाभाविक घटना है न कि एक भाषिक दुर्घटना। शब्दों का भी अपना एक निजी स्पंदन होता है जिसमें देश, काल, स्थान की सांस्कृतिक, सामाजिक आदि अभिव्यक्ति निहित होती है।
सम्प्रेषण और अभिव्यक्ति के बीच किसी भी भाषा के शब्द एक सेतु की भूमिका निभाते हैं। सेतु जितना सीधा, सपाट और सहज होगा गतिशीलता उतनी ही प्रखर और प्रयोजनमूलक होगी। ग क्षेत्र की भाषाएँ यद्यपि संस्कृत के शब्दों को भी अपने में समेटे हुये हैं किन्तु यदि उर्दू मिश्रित हिन्दी का प्रयोग किया जाता है तो कठिनाई उत्पन्न हो जाती है। ग क्षेत्र के कार्यालयों आदि में राजभाषा के खालिस रूप में जो भी सम्प्रेषण किया जाएगा उसका परिणाम अच्छा निकलेगा। हिन्दी को आकर्षक बनाने के लिए यदि उर्दू की शब्दावली का सहारा लिया गया, या उपमा और अलंकार से सजाने की कोशिश की गयी तो समझिए अस्पष्ट अर्थ की ओर बढ़ने का खतरा उठाया जा रहा है। ऐसे में कहा या लिखा कुछ जाएगा और समझा कुछ जाएगा। ग क्षेत्र में भाषा को लेकर भावों की उड़ान नहीं भरी जा सकती बल्कि कार्यालय के धरातल पर रहकर छोटे-छोटे सरल, सीधे वाक्यों में अभिव्यक्ति ही सफल होती है। ना तो कविता चल पाएगी, ना ही ग़ज़ल अपना प्रभाव छोड़ पाएगा यदि कुछ चल पाएगा तो हिन्दी फिल्मों का लोकप्रिय गीत चल सकेगा। बस ग क्षेत्र में भाषिक रूप से उड़ान की सामान्यतया यही सीमा है।
ग क्षेत्र की यही गुहार है कि वार्षिक कार्यक्रम के लक्ष्यों की तरह विभिन्न केंद्रीय कार्यालय, बैंक और उपक्रम अपने स्तर पर भी ग क्षेत्र के लिए विशेष योजना बनाएँ जिसमें राजभाषा अधिकारी की पदस्थापना, हिन्दी कार्यशाला प्रशिक्षण की समय सारिणी, कार्यशाला सामग्री, हिन्दी माह, पखवाड़ा, सप्ताह का आयोजन, क्षेत्रीय स्तर पर विभिन्न प्रोत्साहन योजनाएँ, नगर राजभाषा कार्यान्यवन समिति की क्षेत्र विशेष की लोकप्रिय राजकीय भाषा को दृष्टिगत रखते हुये विशेष योजनाएँ आदि सम्मिलित हैं। राजभाषा कार्यान्यवन में उल्लेखनीय प्रगति और उपलब्धि के लिए एक विशेष सोच को लागू करना समय की मांग है। व्यवहार में इसमें आरंभिक कठिनाई हो सकती है किन्तु एक बार गति मिल जाने से इसमें निरंतर सहजता और सरलता आती जाएगी। आवश्यकता है बस एक सार्थक पहल की।
Read Comments